काठमांडू। नेपाल में भोटेकोशी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण के सोमवार सुबह के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, बाढ़ और उससे जुड़ी घटनाओं में 903 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 4,247 लोग अब भी लापता हैं।
सबसे ज्यादा मौतें चितवन में हुई हैं, जहां 272 शव बरामद किए गए हैं। इसके बाद नवलपरासी पूर्व में 207, नवलपरासी पश्चिम में 151, नुवाकोट में 95, गोरखा में 62, धादिंग में 55, तनहूं में 37 और रसुवा में 24 लोगों की मौत दर्ज की गई है।
सबसे बड़ी चुनौती अब भी लापता लोगों की तलाश है। इनमें जलविद्युत परियोजनाओं से जुड़े 933 कर्मचारी भी शामिल हैं। राहत और बचाव दल मलबे, दुर्गम पहाड़ी इलाकों और खराब मौसम के बीच अभियान चला रहे हैं। अब तक 10,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाले जाने की सूचना है।
इसी बीच भोटेकोशी नदी का जलस्तर फिर बढ़ने से नए सिरे से बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी दी है।
नेपाल के साथ तिब्बत में भी इस आपदा ने भारी तबाही मचाई है। चीन की ओर से 16 मौतों और 546 लोगों के लापता होने की सूचना दी गई है।

Post a Comment