Top News

बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के लिए 56.7 करोड़ डॉलर देगा मेटा, अमेरिकी अदालत का आदेश

 

सांता फे (अमेरिका)। अमेरिका के न्यू मेक्सिको की एक अदालत ने इंस्टाग्राम और फेसबुक की मूल कंपनी **** को उसके मंचों के कारण युवाओं को होने वाले नुकसान से निपटने के लिए 56.7 करोड़ अमेरिकी डॉलर देने का आदेश दिया है।



न्यायाधीश ब्रायन बीडशाइड ने अपने फैसले में कहा कि इस राशि में से 42 करोड़ डॉलर युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य उपचार और सहायता सेवाओं पर खर्च किए जाएंगे। शेष राशि अगले पांच वर्षों में जागरूकता अभियान, रोकथाम कार्यक्रम, जांच सेवाओं और अन्य संबंधित कार्यों पर व्यय की जाएगी।


इससे पहले मुकदमे के पहले चरण में अदालत ने मेटा पर 37.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर का दीवानी जुर्माना लगाया था। अदालत ने माना था कि कंपनी ने बच्चों और किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य पर अपने मंचों के दुष्प्रभावों से जुड़ी जानकारी को पर्याप्त रूप से उजागर नहीं किया तथा बच्चों के यौन शोषण से संबंधित उपलब्ध सूचनाओं को भी छिपाया।


मुकदमे के दूसरे चरण में अभियोजन पक्ष ने अदालत से मेटा के कामकाज में व्यापक बदलाव करने की मांग की थी। इसमें युवाओं में लत पैदा करने वाले फीचर पर नियंत्रण, आयु सत्यापन व्यवस्था को मजबूत करने, स्वतः लागू होने वाली निजता सुरक्षा और बच्चों के यौन शोषण की रोकथाम के लिए कड़ी निगरानी जैसे उपाय शामिल थे।


हालांकि अदालत ने कहा कि बाल ऑनलाइन निजता संरक्षण अधिनियम (सीओपीपीए) के तहत वह मेटा को 13 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए अनिवार्य आयु सत्यापन उपकरण लागू करने का आदेश नहीं दे सकती। अदालत ने यह भी माना कि केवल मेटा पर ऐसे नियम लागू करना और अन्य सामाजिक माध्यम कंपनियों को इससे बाहर रखना कंपनी के लिए अनुचित होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post