ठाणे। ठाणे में सोमवार शाम आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम में उस समय अजीब स्थिति बन गई, जब वंदे मातरम् की घोषणा के बाद निर्धारित प्रस्तुति के बजाय लता मंगेशकर की आवाज में फिल्मी गीत बजने लगा। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद थे।
कार्यक्रम शुरू होने के बाद वंदे मातरम् के लिए घोषणा की गई। मंच और सभागार में मौजूद लोग सम्मान में खड़े हो गए। इसके बाद जो गीत बजा, उसके बोल तो ‘वंदे मातरम्’ थे, लेकिन वह राष्ट्रगीत की निर्धारित प्रस्तुति नहीं बल्कि फिल्म ‘पुकार’ में लता मंगेशकर द्वारा गाया गया संस्करण था।
करीब चार मिनट तक गीत बजता रहा और पूरी सभा खड़ी रही। इस दौरान मंच पर मौजूद उपमुख्यमंत्री शिंदे के चेहरे और हाव-भाव से भी असहजता दिखाई दी। कार्यक्रम में हुई चूक का अहसास होने के बाद शिंदे ने माफी मांगी और अधिकारियों को भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं होने की हिदायत दी।
मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि सरकारी कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान से जुड़े प्रोटोकॉल का विशेष महत्व होता है। सवाल यह है कि कार्यक्रम की पूर्व तैयारी और ध्वनि व्यवस्था की जांच किस स्तर पर की गई थी कि निर्धारित प्रस्तुति के स्थान पर फिल्मी गीत बज गया।
चार मिनट की यह चूक अब सरकारी कार्यक्रमों की तैयारी और जिम्मेदारी तय करने पर सवाल खड़े कर रही है।

Post a Comment