Top News

नेपाल में जलप्रलय: मौत का आंकड़ा 392 पहुंचा, 1,468 लोग अब भी लापता

काठमांडू। नेपाल और तिब्बत सीमा क्षेत्र में आई भीषण फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचा दी है। ताजा आंकड़ों के अनुसार आपदा में 392 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1,468 लोग अब भी लापता हैं। इनमें नेपाल में 910 और तिब्बत में 558 लोगों के लापता होने की सूचना है। 



इस त्रासदी में 290 भारतीय नागरिकों से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है, जिससे भारत में उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई है। भारतीय अधिकारियों के अनुसार कई भारतीयों को सुरक्षित निकाला भी गया है और नेपाल में फंसे नागरिकों की तलाश के लिए लगातार समन्वय किया जा रहा है। 


बाढ़ ने सड़क, पुल, घर और जलविद्युत परियोजनाओं को भारी नुकसान पहुंचाया है। कई प्रभावित इलाकों में संपर्क टूट जाने से राहत और बचाव दलों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। हेलीकॉप्टरों के जरिए लोगों को निकालने का अभियान जारी है। 


फिर मंडरा रहा नई बाढ़ का खतरा

हालात अभी पूरी तरह सुरक्षित नहीं हुए हैं। भोटे कोशी नदी क्षेत्र में मलबे से बनी एक झील में पानी बढ़ने की खबर है। इसके टूटने की स्थिति में नीचे के इलाकों में एक और विनाशकारी बाढ़ का खतरा पैदा हो सकता है। अधिकारियों ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। 


नेपाल में राहत अभियान जारी है, लेकिन हजारों परिवार अब भी अपनों की खबर का इंतजार कर रहे हैं। आंकड़े बदलने की संभावना भी बनी हुई है क्योंकि दुर्गम इलाकों में खोज अभियान अभी जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post