मुंबई। चर्चित वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर अपनी ताकत दिखाने के लिए तैयार है। 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड ने केवल वयस्कों के लिए ‘ए’ प्रमाणपत्र दे दिया है। फिल्म की लंबाई भी चर्चा का विषय बन गई है—इसका कुल प्रदर्शन समय 197 मिनट 19 सेकंड, यानी करीब 3 घंटे 17 मिनट है।
लंबे समय और हिंसक कथानक वाली फिल्मों की बढ़ती परंपरा में अब ‘मिर्जापुर: द मूवी’ भी शामिल हो गई है। इससे पहले ‘एनिमल’ और ‘धुरंधर’ जैसी फिल्मों ने लंबे प्रदर्शन समय के बावजूद दर्शकों का ध्यान खींचा था। ‘मिर्जापुर’ की दुनिया पहले से ही अपराध, सत्ता संघर्ष, खून-खराबे और तीखे संवादों के लिए जानी जाती है, ऐसे में इसे ‘ए’ प्रमाणपत्र मिलना अपेक्षित माना जा रहा था।
फिल्म में पंकज त्रिपाठी एक बार फिर कालीन भैया के रूप में नजर आएंगे, जबकि अली फजल गुड्डू पंडित और दिव्येंदु मुन्ना त्रिपाठी के किरदार में वापसी कर रहे हैं। फिल्म की कहानी मिर्जापुर की सत्ता के लिए जारी खूनी संघर्ष को बड़े पर्दे पर नए स्तर तक ले जाने वाली है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि वेब सीरीज के रूप में दर्शकों का दिल जीतने वाला ‘मिर्जापुर’ सिनेमाघरों में भी उतना ही बड़ा धमाका कर पाएगा या नहीं।

Post a Comment