Top News

16 करोड़ की सड़क धंसी, विशाल पेड़ गिरने से चार कारें फंसी; ग्वालियर में बारिश ने खोली निर्माण कार्यों की पोल

 

ग्वालियर।


लगातार हो रही बारिश के बीच ग्वालियर में करोड़ों रुपये की लागत से बन रही सड़क धंसने का मामला सामने आया है। झांसी रोड थाना क्षेत्र के पास करीब 16 करोड़ रुपये की लागत वाली व्हाइट टॉपिंग सड़क लगभग चार फीट तक धंस गई। इसी दौरान एक विशाल पेड़ गिरने से चार कारें क्षतिग्रस्त हो गईं और लंबे समय तक यातायात बाधित रहा। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।



जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर सड़क धंसी है वहां पहले नगर निगम द्वारा सीवर लाइन का कार्य कराया गया था, जबकि बाद में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने व्हाइट टॉपिंग सड़क का निर्माण शुरू किया। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि लगातार बारिश और भूमिगत कार्यों के कारण सड़क की सतह कमजोर हो गई, जिससे धंसाव हुआ।


घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और विभिन्न विभागों के समन्वय पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र को घेरकर यातायात डायवर्ट कर दिया है तथा सड़क धंसने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post