राष्ट्रपति भवन परिसर स्थित अमृत उद्यान 16 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक आम जनता के लिए खोला जाएगा। इस दौरान उद्यान प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा, जबकि अंतिम प्रवेश शाम 5 बजे तक मिलेगा। रखरखाव के कारण प्रत्येक सोमवार को उद्यान बंद रहेगा।
अमृत उद्यान में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क होगा, लेकिन सभी आगंतुकों के लिए केवल ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग अनिवार्य रहेगी। मौके पर किसी भी प्रकार की बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। किसी भी दिन के लिए स्लॉट की बुकिंग एक दिन पहले सुबह 10 बजे बंद कर दी जाएगी।
राष्ट्रीय खेल दिवस (29 अगस्त) पर खिलाड़ियों तथा शिक्षक दिवस (5 सितंबर) पर शिक्षकों के लिए विशेष प्रवेश की व्यवस्था की गई है। आगंतुकों का प्रवेश और निकास नॉर्थ एवेन्यू रोड स्थित गेट संख्या 35 से होगा। केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से अमृत उद्यान तक प्रत्येक 30 मिनट के अंतराल पर निःशुल्क शटल बस सेवा भी उपलब्ध रहेगी।
उद्यान भ्रमण के दौरान आगंतुक बाल वाटिका, प्लूमेरिया गार्डन, बरगद उपवन, बोनसाई गार्डन, बैबलिंग ब्रूक्स, सेंट्रल लॉन, लॉन्ग गार्डन और सर्कुलर गार्डन सहित अनेक आकर्षक स्थलों का आनंद ले सकेंगे।

Post a Comment