Top News

13 साल की सेवा के बाद IAS दिव्या मित्तल का इस्तीफा, भावुक पोस्ट में लिखा- ‘पद छूट गया, सपना नहीं’

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कैडर की चर्चित 2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने करीब 13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर अपने निर्णय की जानकारी दी। 



दिव्या मित्तल ने अपनी पोस्ट में अपने सफर को याद करते हुए बताया कि साधारण परिवेश से निकलकर उन्होंने बेहतर जीवन का सपना देखा। कड़ी मेहनत के बाद उन्होंने आईआईटी दिल्ली और आईआईएम बैंगलोर से पढ़ाई की और इसके बाद लंदन में नौकरी की। विदेश में अच्छा करियर होने के बावजूद उन्होंने भारत लौटकर प्रशासनिक सेवा में जाने का फैसला किया। उन्होंने संघ लोक सेवा परीक्षा में 68वीं अखिल भारतीय रैंक हासिल की थी। 


अपने 13 साल के कार्यकाल में दिव्या मित्तल ने उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, संत कबीर नगर और देवरिया जैसे जिलों में जिलाधिकारी के रूप में जिम्मेदारी संभाली। हाल में वह उत्तर प्रदेश सरकार के राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात थीं। 


अपने इस्तीफे के साथ उन्होंने संकेत दिया कि सरकारी पद छोड़ना उनके सपनों का अंत नहीं है। उनकी पोस्ट का भाव यही था कि पद भले छूट जाए, लेकिन सपने और लोगों के लिए काम करने की इच्छा जारी रहेगी। उनके इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद प्रशासनिक और सोशल मीडिया हलकों में इसकी व्यापक चर्चा हो रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post