लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 12 सितंबर को इंदौर में कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस की नजर खासतौर पर युवाओं और जेन-जी पर है। राहुल गांधी छात्रों से सीधा संवाद करेंगे और शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक, सरकारी भर्तियों में कथित अनियमितताओं तथा महंगी शिक्षा जैसे मुद्दे उठाएंगे।
कांग्रेस इस आयोजन को बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में तैयार कर रही है। पार्टी की ओर से इंदौर और आसपास के क्षेत्रों से करीब 50 हजार छात्रों को जुटाने की तैयारी की जा रही है। इंदौर को कार्यक्रम के लिए इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि यह मध्य प्रदेश का बड़ा शैक्षणिक केंद्र है।
कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम को आयोजन स्थल के रूप में तैयार किया जा रहा है और अनुमति की प्रक्रिया भी चल रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने तैयारियों को लेकर बैठकें शुरू कर दी हैं। राहुल गांधी की टीम भी आयोजन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर स्थानीय नेताओं के साथ काम कर रही है।
पुणे के बाद इंदौर में होने वाला यह कार्यक्रम कांग्रेस के छात्र संपर्क अभियान का अगला बड़ा पड़ाव है। राजनीतिक तौर पर इसे मध्य प्रदेश में नए और युवा मतदाताओं के बीच कांग्रेस की पकड़ मजबूत करने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।

Post a Comment