Top News

गुजरात में बारिश का कहर, 50 से अधिक मौतें; 40 हजार लोगों का रेस्क्यू, 650 से ज्यादा सड़कें बंद

 


अहमदाबाद। गुजरात में लगातार चार दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राज्य में अब तक 50 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 40 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। कई जिलों में बाढ़ और जलभराव के कारण सामान्य जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।



प्रशासन के अनुसार, भारी बारिश से राज्यभर में 8 हजार से अधिक बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे अनेक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित है। वहीं 650 से अधिक सड़कें बंद होने से कई गांवों और कस्बों का संपर्क टूट गया है तथा आवागमन प्रभावित हुआ है।


राज्य सरकार, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल, सेना और स्थानीय प्रशासन संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं। प्रभावित इलाकों में नावों और अन्य संसाधनों की मदद से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है तथा राहत शिविरों में भोजन, पेयजल और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।


मौसम विभाग ने कई जिलों में अभी भी भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा केवल अत्यावश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post