देहरादून। उत्तराखंड के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल ऋषिकेश का करीब 40 वर्ष पुराना राम झूला मरम्मत, उन्नयन और संरचनात्मक मजबूती के कार्यों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। राज्य सरकार ने इस परियोजना के लिए 10 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पुल की सुरक्षा और लंबी उम्र सुनिश्चित करने के लिए व्यापक मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जाएगा। इस दौरान आम लोगों और पर्यटकों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
लोक निर्माण विभाग, नरेंद्रनगर मंडल के अधिशासी अभियंता प्रवीण कर्णवाल ने बताया कि पुल की वर्तमान स्थिति का तकनीकी परीक्षण करने के बाद यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि मरम्मत का कार्य दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है, जिसके बाद सुरक्षा परीक्षण के उपरांत राम झूला को दोबारा आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
राम झूला ऋषिकेश के प्रमुख आकर्षणों में से एक है, जो गंगा नदी के दोनों तटों को जोड़ता है। हर वर्ष लाखों श्रद्धालु और पर्यटक इस पुल से होकर स्वर्गाश्रम, शिवानंद आश्रम और आसपास के धार्मिक स्थलों तक पहुंचते हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि मरम्मत कार्य पूरा होने तक वैकल्पिक मार्गों और अन्य पुलों का उपयोग करें।

Post a Comment