‘वॉशिंगटन/यरुशलम ईरान की ओर से इजरायल पर मिसाइल हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तनाव कम करने की अपील करते हुए इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को जवाबी हमला नहीं करने की सलाह दी है। ट्रंप ने कहा कि अब और सैन्य कार्रवाई की जरूरत नहीं है और दोनों पक्षों को संयम बरतना चाहिए।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ट्रंप ने नेतन्याहू से फोन पर बातचीत कर कहा कि ईरान और इजरायल दोनों अपनी-अपनी कार्रवाई कर चुके हैं, इसलिए अब संघर्ष को आगे बढ़ाने के बजाय कूटनीतिक समाधान पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा, “हम ईरान के साथ एक अंतिम समझौते के बेहद करीब हैं, मैं नहीं चाहता कि मौजूदा घटनाक्रम से यह प्रक्रिया प्रभावित हो।”
ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि ईरान के साथ चल रही वार्ताओं में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है और क्षेत्र में शांति बनाए रखना अमेरिका की प्राथमिकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इजरायल संयम दिखाएगा और हालात को और अधिक नहीं बिगाड़ेगा।
हालांकि बाद में इजरायल ने ईरान के कुछ सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमले किए, जिससे मध्य पूर्व में तनाव और बढ़ गया। इस घटनाक्रम ने क्षेत्रीय संघर्ष के और व्यापक होने की आशंका बढ़ा दी है।
अंतरराष्ट्रीय समुदाय लगातार दोनों देशों से संयम बरतने और कूटनीतिक रास्ते अपनाने की अपील कर रहा है, ताकि क्षेत्र को बड़े सैन्य टकराव से बचाया जा सके।

Post a Comment