Maharashtra Plane Crash : महाराष्ट्र के बारामती में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब रेड बर्ड एविएशन का एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश-लैंडिंग का शिकार हो गया। विमान बारामती एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी का शिकार हो गया और गोजुबावी गांव के पास नीचे आते समय बिजली के खंभे से टकरा गया। इसके बाद विमान खेत में जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान बेहद कम ऊंचाई पर उड़ रहा था। इसी दौरान उसमें तकनीकी दिक्कत आने लगी। पायलट ने आपात स्थिति में विमान को नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन क्रैश-लैंडिंग के दौरान एयरक्राफ्ट का एक हिस्सा बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर के बाद विमान असंतुलित होकर जमीन पर गिर पड़ा।
अधिकारियों ने बताया कि हादसा सुबह करीब 8:50 बजे हुआ। घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एयरपोर्ट से जुड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे। शुरुआती जानकारी के अनुसार यह विमान रेड बर्ड एविएशन का ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट था, जिसका उपयोग पायलट प्रशिक्षण के लिए किया जाता है।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए। राहत की बात यह रही कि विमान किसी रिहायशी इलाके में नहीं गिरा, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और तकनीकी खराबी को प्राथमिक वजह माना जा रहा है।
Post a Comment