गर्मियों के मौसम में तरबूज सभी का पसंदीदा फ्रूट बन जाता है. ये शरीर को ठंडक देता है और पानी की कमी को भी दूर करने में मदद करता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि तरबूज को कुछ चीजों के साथ खाने से फायदा होने की बजाय नुकसान भी हो सकता है? अक्सर लोग बिना सोचे-समझे इसे किसी भी समय और किसी भी खाने के साथ खा लेते हैं, जो पेट से जुड़ी परेशानियों की वजह बन सकता है. जी हां, ऐसे में ये जानना बेहद जरूरू है कि, हमें किन चीजों के साथ तरबूज नहीं खाना चाहिए.
दूध के साथ तरबूज
आयुर्वेद एक्सपर्ट डॉक्टर किरण गुप्ता बताती हैं कि तरबूज को भूलकर भी दूध के साथ नहीं खाना चाहिए. क्योंकि तरबूज बहुत जल्दी पचने वाला फल है. वहीं दूध को पचने में समय लगता है. ऐसे में अगर आप दोनों को एक साथ खाते हैं को पाचन क्रिया पर असर पड़ता है. इससे गैस, एसिडिटी और पेट में भारीपन महसूस हो सकता है.
दही के साथ तरबूज
एक्सपर्ट के मुताबिक, दही और तरबूज को साथ में खाना भी नुकसानदायक हो सकता है. दही और तरबूज को एक साथ खाने से भी पेट पर बुरा असर पड़ सकता है. यह संयोजन शरीर में ठंडा-गर्म असंतुलन पैदा करता है, जिससे सर्दी-खांसी, गले में खराश या पाचन संबंधी परेशानी हो सकती है. खासकर जिनका पाचन कमजोर है, उन्हें इससे बचना चाहिए.
भारी तला-भुना खाना
भारी तला-भुना खाना और तरबूज का कॉम्बिनेशन भी हेल्थ के लिए अच्छा नहीं माना जाता है. इन दोनों को भी साथ में खाने से पाचन खराब हो सकता है. तरबूज तो जल्दी पच जाता है. लेकिन खाना पचने में समय लेता है. ऐसे में पाचन क्रिया का बैलेंस बिगड़ जाता है. जिससे गैस, ब्लोटिंग और एसिडिटी की दिक्कत हो सकती है.
ठंडे पेय या बर्फ वाला पानी
तरबूज खाने के तुरंत बाद ठंडा पानी या कोल्ड ड्रिंक पीना भी नुकसानदायक हो सकता है. इससे पाचन तंत्र पर असर पड़ता है और पेट में ऐंठन, गैस या अपच की समस्या हो सकती है. बेहतर है कि तरबूज खाने के बाद कुछ समय तक पानी न पिएं.

Post a Comment