Top News

हिमाचल निकाय चुनाव: 15 मई को थमेगा प्रचार, 17 मई को होगा मतदान, 439 पदों के लिए 1147 उम्मीदवार मैदान मेंHimachal civic polls: Campaigning ends on May 15, voting on May 17; 1,147 candidates contest for 439 posts


शिमला। हिमाचल Pradesh के 51 शहरी निकायों में होने वाले चुनावों के लिए चुनाव प्रचार 15 मई को दोपहर 3 बजे थम जाएगा। इसके साथ ही राज्य में चुनावी सरगर्मियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। प्रचार बंद होने के बाद प्रत्याशी किसी भी प्रकार की सार्वजनिक सभा, जुलूस, ध्वनि विस्तारक यंत्र या सामूहिक प्रचार नहीं कर सकेंगे। हालांकि उम्मीदवार घर-घर जाकर व्यक्तिगत संपर्क के जरिए मतदाताओं से समर्थन मांग सकेंगे।

चुनाव प्रचार समाप्त होते ही राज्यभर में ‘ड्राई-डे’ भी लागू हो जाएगा। 15 मई दोपहर 3 बजे से मतदान प्रक्रिया पूरी होने तक शराब के सभी ठेके, बीयर बार और होटल बंद रहेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने आबकारी विभाग को नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।

प्रदेश के सभी नगर निकायों में मतदान 17 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के माध्यम से कराया जाएगा। नगर परिषद और नगर पंचायतों की मतगणना मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शुरू होगी और परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे। जबकि सोलन, मंडी, धर्मशाला और पालमपुर नगर निगमों के नतीजे 31 मई को घोषित किए जाएंगे।

राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक 51 शहरी निकायों में कुल 439 पदों के लिए 1147 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। कांगड़ा जिले में सबसे अधिक 218 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा बिलासपुर में 87, चंबा में 72, हमीरपुर में 44, कुल्लू में 100, मंडी में 180, शिमला में 123, सिरमौर में 84, सोलन में 121 और ऊना में 118 उम्मीदवार मैदान में हैं।

इन चुनावों में करीब 3.80 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। कुल मतदाताओं में 1,80,963 पुरुष, 1,79,882 महिला और 14 अन्य मतदाता शामिल हैं।

प्रदेश की राजनीति में सबसे ज्यादा नजरें सोलन, मंडी, धर्मशाला और पालमपुर नगर निगम चुनावों पर टिकी हुई हैं। इन नगर निगमों में चुनाव पार्टी चिन्हों पर लड़े जा रहे हैं, इसलिए इन्हें 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सेमीफाइनल माना जा रहा है। कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है।

वहीं कुछ वार्डों में पार्षद निर्विरोध भी चुने गए हैं। इनमें नगर पंचायत करसोग के वार्ड 1 और 3, ज्वालामुखी नगर परिषद का वार्ड 2, बंजार नगर पंचायत का वार्ड 6, रिवाल्सर नगर पंचायत का वार्ड 1, नेरवा नगर पंचायत के वार्ड 2, 3 और 4 तथा चिड़गांव नगर पंचायत का वार्ड 2 शामिल हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post