उज्जैन शैलेंद्र सिंह कुशवाह
उज्जैन में विकास प्राधिकरण के नवागत अध्यक्ष रवि सोलंकी ने आज विधि-विधान के साथ पदभार ग्रहण किया। उनके साथ उपाध्यक्ष मुकेश यादव, सदस्य रवि वर्मा सहित संचालक मंडल के अमित श्रीवास्तव, विजय अग्रवाल, सुशीला जाटवा और दुर्गा बिलौटीया ने भी जिम्मेदारी संभाली।
पदभार ग्रहण से पहले सभी ने मंगलनाथ मंदिर में पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद लिया, इसके बाद प्राधिकरण कार्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से कार्यभार संभाला गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर उत्तर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, निगम सभापति कलावती यादव, भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित जगदीश पांचाल, आनंद सिंह खींची और कमल बैरवा समेत कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान प्राधिकरण कार्यालय में भारी भीड़ उमड़ी। बिल्डर, कॉलोनाइजर, समाजसेवी, व्यापारी, प्रॉपर्टी ब्रोकर्स, सर्विस प्रोवाइडर्स और अधिवक्ता वर्ग के लोगों ने नई टीम का स्वागत किया। माहौल में उत्साह और उम्मीद साफ नजर आई।
नई टीम के सामने शहर के विकास, अवैध कॉलोनियों के नियमन, इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसी बड़ी जिम्मेदारियां हैं। अब देखना होगा कि यह नई टीम उज्जैन के विकास को किस गति से आगे बढ़ाती है।

Post a Comment