एलिवेटेड रोड के पहले चरण की बाधाएं दूर होने का नाम नहीं ले रही हैं। फूलबाग क्षेत्र में वीरांगना लक्ष्मीबाई समाधि के पास निर्माण के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने अनुमति देने से मना करने के बाद नया प्लान तैयार किया गया था, लेकिन अब लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) सेतु संभाग के अधिकारियों ने फिर से अनुमति के लिए आवेदन किया है।
अधिकारियों का प्रयास है कि दोबारा आवेदन और प्लान सबमिट करने से अनुमति मिल जाए तो बड़े फेरबदल की जरूरत नहीं पड़ेगी। यदि अनुमति नहीं मिलती है तो एलिवेटेड रोड का अतिरिक्त निर्माण करना होगा और फूलबाग से पड़ाव के बीच भी इसे तैयार करना पड़ेगा।कई स्थानों पर काम रुका
पहले चरण में कोर्ट से स्टे मिलने के कारण कई स्थानों पर काम रुका हुआ है। छिद्दे का पुरा में दो पियर पर स्टे होने से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। इसके चलते एलिवेटेड रोड का काम ठप पड़ा है और हजीरा का मुख्य लूप अब तक शुरू नहीं हो सका है।
इन इलाकों पर हटेगा अतिक्रमण
पहले चरण में रमटापुरा, महलगांव, रानीपुरा और मोहम्मदपुर क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया जाना है। प्रशासन ने रमटापुरा गांव के 28 मकानों और रानीपुरा गांव की 21 दुकानों को नोटिस जारी किए हैं, लेकिन नोटिस कागजों तक सीमित हैं। लोग मकान हटाने से इनकार कर रहे हैं।
सबसे गंभीर स्थिति लक्ष्मीबाई समाधि स्थल के पीछे स्थित छिद्दे का पुरा और गंगादास की बड़ी शाला के पास है। यहां जल संसाधन विभाग की अधिग्रहित शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान बना दिए गए हैं। अतिक्रमण न हट पाने और एएसआइ की अनुमति न मिलने से लक्ष्मीबाई समाधि के पास एक्जिट लूप का काम पूरी तरह रुका है।
धारा 19 की कार्रवाई शुरू
दूसरे चरण में लगभग 21 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। इसमें 1.71 हेक्टेयर निजी और 19.5 हेक्टेयर सरकारी भूमि शामिल है। सरकारी भूमि पर भी अतिक्रमण हैं। पहले चरण में आई दिक्कतों को देखते हुए जिला प्रशासन के माध्यम से दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू की गई है। भूमि अधिग्रहण की धारा 19 का नोटिफिकेशन जारी किया जा चुका है। अब मुआवजा वितरण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक रोकने पर नहीं बनी सहमति
दूसरे चरण में फूलबाग से गुरुद्वारे तक काम के लिए एक माह तक ट्रैफिक डायवर्ट करने का प्रस्ताव है। पीएनसी कंपनी ने ट्रैफिक पुलिस को प्लान सौंपा है। पिलर पर पियर कैप डालने के दौरान मलबा गिरने की आशंका के चलते ट्रैफिक रोकने की जरूरत बताई गई है। हालांकि इस पर अभी सहमति नहीं बनी है।
एक्जिट लूप निर्माण के लिए दोबारा एएसआई को आवेदन
जोगिंदर यादव, कार्यपालन यंत्री, पीडब्ल्यूडी सेतु संभाग का कहना है कि लक्ष्मीबाई समाधि के पास एक्जिट लूप निर्माण के लिए दोबारा एएसआइ को आवेदन किया गया है, ताकि प्लान में परिवर्तन न करना पड़े। दूसरे चरण के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई जल्द शुरू होगी।

Post a Comment