बिहार विधान परिषद में बजट सत्र के पांचवें दिन सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बीच तीखी बहस हुई। राजद की महिला पार्षदों ने राबड़ी देवी के नेतृत्व में पटना, दरभंगा और खगड़िया में हुई रेप की घटनाओं को लेकर 'नीतीश कुमार हाय-हाय' के नारे लगाए। विपक्ष के इस आक्रामक रुख को देख मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी सीट से खड़े हुए और विपक्षी सदस्यों की ओर इशारा करते हुए भड़क गए।
क्या बोले सीएम नीतीश कुमार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राबड़ी देवी और उनके साथ खड़ी महिला पार्षदों की ओर हाथ दिखाते हुए कहा, "ये लड़की है (राबड़ी देवी), इसके जो (पति) हट गए, कुछ दिन के बाद तो इसी को सीएम बना दिया। ये लोग कोई काम किए जी? अरे तुम बोल रही हो, सुन लो… आज तक किसी महिला को बढ़ाया है? आज तक कभी कोई काम किया है?"
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि 15 साल तक इन लोगों ने कुछ नहीं किया और अब जब बिहार विकास कर रहा है, तो ये लोग फालतू में हंगामा कर रहे हैं। उन्होंने सभापति से अपील की कि ऐसे हंगामा करने वालों पर कड़ा एक्शन लिया जाना चाहिए।
बिहार तरक्की कर रहा है - सीएम नीतीश कुमार
नीतीश कुमार ने आगे कहा, "सारा काम हो रहा है और हर तरह से बिहार बहुत तरक्की कर रहा है। केंद्र सरकार के सपोर्ट से बिहार तेजी से आगे बढ़ रहा है। आप लोगों ने कोई काम नहीं किया है। तो आप लोग यहां क्यों खड़े हैं? और इन सभी लोगों के खिलाफ एक्शन लिया जाना चाहिए। क्या यह काम करने का सही तरीका है? इन सब का क्या मतलब है? क्या इनमें से किसी को कुछ पता था? क्या इन्होंने कोई काम किया है? कोई काम नहीं हुआ है। 15 साल तक कुछ नहीं किया गया। अभी बिहार और भी तरक्की करने वाला है। तो यह समझ लीजिए, ये लोग बिल्कुल बेकार हैं। ये किसी काम के नहीं हैं।"

Post a Comment