रोहित शर्मा और विराट कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में धमाकेदार प्रदर्शन किया. विराट कोहली ने दो शतक और एक अर्धशतक जड़ा, वहीं रोहित शर्मा ने भी दो बार 50 का आंकड़ा पार किया. अब लग रहा है कि रोहित और विराट जरूर 2027 का वर्ल्ड कप खेलते हुए नजर आएंगे. हालांकि, हेड कोच गौतम गंभीर अभी भी इन दोनों की जगह को लेकर आश्वस्त नहीं हैं, क्योंकि टूर्नामेंट के आयोजन में करीब दो साल बचे हैं.
गौतम गंभीर ने दिया चौंकाने वाला बयान
वनडे सीरीज के समापन के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गौतम गंभीर नजर आए. इसी बीच उनसे रोहित शर्मा और विराट कोहली के 2027 का वर्ल्ड कप खेलने के बारे में पूछा गया. दोनों के फ्यूचर पर बात करते हुए टीम इंडिया के हेड कोच ने कहा, ‘सबसे पहले आप लोगों को ये समझना होगा कि 2027 का वनडे वर्ल्ड कप अभी दो साल दूर है. अभी हमें वर्तमान में रहने की जरूरत है और ये ध्यान रखना है कि युवा खिलाड़ी टीम में उनकी जगह लेने के लिए आ रहे हैं.
गंभीर ने की विराट-रोहित की तारीफ
गौतम गंभीर भले ही विराट-रोहित के वर्ल्ड कप खेलने को लेकर अभी आश्वस्त नहीं हैं लेकिन उन्होंने दोनों के प्रदर्शन की सराहना की. उन्होंने कहा, ‘विराट कोहली और रोहित शर्मा वर्ल्ड क्लास प्लेयर हैं. उनका अनुभव ड्रेसिंग रूम के लिए जरुरी है. वो लंबे समय से खेल रहे हैं. उम्मीद है कि वो ऐसा ही करते रहेंगे, जो टीम के लिए वनडे में जरूर रहने वाला है.
वनडे सीरीज में कैसा रहा रोहित-विराट का प्रदर्शन?
विराट कोहली और रोहित शर्मा के लिए साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज काफी बढ़िया साबित हुई. विराट कोहली ने तीन मैचों में 151 की औसत से 302 रन बनाए. उन्होंने 117.05 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की, जहां वो 24 चौके और 12 छक्के जड़ने में सफल हुए. रोहित शर्मा ने तीन मैचों में 146 रन बनाए, जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं. उनका औसत 48.67 का रहा. उन्होंने इस सीरीज में 15 चौके और 6 छक्के जड़े.

Post a Comment